नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की

नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की
कन्नौज।
रिपोर्ट दर्शन राजपूत
श्री कृष्ण जन्मोत्सव का पर्व जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों व घरों को झालरों व फूल मालाओं से सजाया गया। मध्य रात्रि 12 बजते ही चारों ओर शंख घड़ियाल की गूंज सुनाई देने लगी। घंटे व घड़ियाल की गूंज के साथ कन्हैया जी का जन्म हुआ। घरों में बधाइयां गाईं गईं। सभी को पंजीरी व चरणामृत का प्रसाद बांटा गया। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाता है। जन्माष्टमी को लेकर कई दिनों से तैयारियां शुरू हो गईं थी। घरों पर बच्चों ने सुंदर व आकर्षक झांकियां सजाईं।
रविवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मंदिरों पर राधा कृष्ण की सुंदर झांकी सजाई गई। कृष्ण जन्म से पूर्व मंदिरों पर भजन कीर्तन हुए। जिसमें महिलाओं ने प्रतिभाग किया। 12 बजते ही चारों ओर घंटे व घड़ियाल की गूंज के साथ कन्हैया जी प्रकट हुए। श्री कृष्ण का जन्म होते ही घरों व मंदिरों में भए प्रकट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी व नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की हाथी दीनो घोड़ा दीनो और दीनी पालकी सहित कई प्रकार की बधाइयां गाईं गईं। श्री कृष्ण के जन्म के बाद उन्हें दूध, दही, घी, मेवा मिष्ठान आदि से स्नान कराया। स्नान के बाद किसी ने मक्खन मिश्री से भोग लगाया तो किसी ने पंचामृत वा पंजीरी से भोग लगाया। फल व मिष्ष्ठान भी अर्पित किए गए। भोग लगाने के बाद प्रसाद को घर-परिवार के अलावा आसपास मोहल्ले में बांटा गया।
मंदिरों पर हुआ कार्यक्रम
कन्नौज। शहर के श्री कृष्ण जन्मोत्सव का पर्व मनाया गया। शहर में स्थित बांके बिहारी मंदिर पर पुजारी अंसतोष के नेतृत्व में जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। चौधरी सराय मोहल्ले में स्थित बाबा मनकामेश्वर मंदिर पर पुजारी अमोद दुबे के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। व सुंदर झांकी सजाई गईं। सभी मंदिरों पर भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। जन्मोत्सव के बाद सभी को पंजीरी व चरणामृत का प्रसाद वितरित किया गया। प्रमुख बांके बिहारी मंदिरों के अलावा शहर स्थित चौधरी सराय स्थित बाबा मनकामेश्वर मंदिर ,फूलमती माता मंदिर,बाबा विश्व नाथ मंदिर, रेलवे रोड़ स्थित हनुमान मंदिर, ठाकुर द्वारा मंदिर पर भी राधा कृष्ण की मूर्तियों को सजाया गया। भोग लगाया गया।
राधा कृष्ण के रूप में सजे बच्चे
कन्नौज। श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा था। अभिभावकों ने अपने छोटे-छोटे बच्चों को राधा कृष्ण की वेशभूषा में तैयार किया। बाजार में राधा कृष्ण की सुंदर व फैंसी रेडीमेड ड्रेस भी बिक रही थी। राधा कृष्ण के वेश में सजे बच्चे मनमोहक लग रहे थे। बच्चे भी खूब प्रशन्न दिख रहे थे। घरों में कई बच्चों ने राधा कृष्ण के गीतों पर भी नृत्य किया।
बाजारों में पूरे दिन होती रही खरीदारी
कन्नौज। जन्माष्टमी पर्व को लेकर सोमवार को पूरे दिन खरीदारी होती रही। कुछ लोग पूजा पाठ का सामान खरीद रहे थे। तो कुछ फल व मेवा खरीदते दिखे। महिलाएं व बच्चे सजावट का सामान व लड्डू गोपाल के लिए कपड़े पसंद करते रहे। किराना मिठाई व दूध दही की दुकानों पर देर शाम तक भीड़ लगी रही।
जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं ने खोला व्रत
कन्नौज। मध्य रात्रि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं ने व्रत तोड़ा। व्रत तोड़ने के लिए श्रद्धालु मंदिरों में बांटी गई पंजीरी व चरणामृत के प्रसाद को लिया। बता दें कि जन्माष्टमी पर अधिकांश लोग पूजा पाठ करने के लिए सुबह से व्रत रहते हैं। शाम को जन्मोत्सव के बाद व्रत तोड़ते हैं।