देवरिया: एकौना में धूमधाम से मना भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए प्रभु, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल
देवरिया: एकौना में धूमधाम से मना भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए प्रभु, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल*
*रुद्रपुर, देवरिया।* श्री श्री 108 बाबा सरयू दास रामलीला समिति, एकौना के तत्वावधान में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के दूसरे दिवस भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य और मनोहारी मंचन किया गया।
दृश्य के प्रारंभ में महाराजा दशरथ के दरबार में पुत्र प्राप्ति के लिए हवन-पूजन का दृश्य दिखाया गया, जिसके बाद आकाशवाणी होती है और भगवान विष्णु अपने चतुर्भुज रूप में प्रकट होते हैं। भगवान के दिव्य दर्शन के बाद वेदों, ऋषि-मुनियों और देवताओं द्वारा वेद मंत्रों के साथ भगवान की स्तुति की गई।
स्तुति के उपरांत जैसे ही प्रभु श्रीराम का अयोध्या के राजमहल में अवतरण हुआ, पूरा रामलीला पंडाल “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। महाराज दशरथ के महल में बधाइयाँ बजने लगीं, आनंद उत्सव मनाया गया, नगरवासियों ने नाच-गाकर खुशियाँ मनाईं। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*एकौना की रामलीला का गौरवशाली इतिहास*
आपको बता दें कि एकौना की यह रामलीला क्षेत्र की सबसे पुरानी और प्रसिद्ध रामलीलाओं में से एक है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पूरी तरह से ग्रामीणों के आपसी सहयोग से संचालित होती है। इस रामलीला के पात्र, कलाकार और सभी सहयोगकर्ता स्थानीय लोग ही हैं, जो पीढ़ी दर पीढ़ी इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। कोई भी बाहरी पेशेवर मंडली नहीं बुलाई जाती, फिर भी इसका मंचन इतना उच्च स्तरीय होता है कि दूर-दूर से लोग इसे देखने आते हैं।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष, पदाधिकारीगण सहित सैकड़ों ग्रामवासी, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे और देर रात तक रामलीला का आनंद लिया।