मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत देवरिया पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के उपाय व हेल्पलाइन नंबर
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत देवरिया पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के उपाय व हेल्पलाइन नंबर
शक्ति दीदी अभियान के जरिए महिलाओं को किया गया जागरूक, सार्वजनिक स्थलों पर वितरित किए गए जागरूकता पंपलेट
देवरिया, 04 नवंबर 2026।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवरिया पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं शक्ति दीदी अभियान के तहत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में बुधवार को जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं, छात्राओं एवं बच्चियों को जागरूकता पंपलेट वितरित किए तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति अथवा परेशानी में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में थाना भलुअनी की मिशन शक्ति टीम में महिला कांस्टेबल रीना यादव एवं महिला कांस्टेबल ज्योति मौर्य ने कस्बा शिव मंदिर एवं भलुअनी चौराहे पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। वहीं थाना मदनपुर की टीम में महिला उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार, कांस्टेबल अश्वनी कुमार यादव एवं महिला कांस्टेबल सुनीता रावत ने भारतीय स्टेट बैंक, महेन में अभियान चलाकर जागरूकता पंपलेट वितरित किए।
इसके अतिरिक्त थाना सलेमपुर की मिशन शक्ति टीम में महिला उपनिरीक्षक मंजुलता वर्मा, महिला कांस्टेबल नीलम यादव एवं महिला कांस्टेबल कुमकुम पाण्डेय ने गांधी चौक, सोहनाग मोड़ एवं स्टेशन रोड पर महिलाओं, बच्चियों और छात्राओं को जागरूक किया।
महिलाओं को बताए गए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें पुलिस सहायता के लिए डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102, एंबुलेंस सेवा-108 तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए साइबर हेल्पलाइन-1930 शामिल हैं।
इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
देवरिया पुलिस की सभी थानों की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों को समझने तथा किसी भी अप्रिय घटना या समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
देवरिया पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं शक्ति दीदी अभियान के माध्यम से जनपद में महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पुलिस का यह प्रयास लगातार जारी है।
