रुद्रपुर में रात का तांडव: भीषण आग ने उजाड़ दी मेहनत, से खड़ी फसल 10 कट्ठा गेहूं और झोपड़ी जलकर खाक
रुद्रपुर में रात का तांडव: भीषण आग ने उजाड़ दी मेहनत, 10 कट्ठा गेहूं और झोपड़ी जलकर खाक
रुद्रपुर/देवरिया।
रुद्रपुर ब्लॉक अंतर्गत एकौना थाना क्षेत्र के बैदा गांव में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे अचानक लगी भीषण आग ने ग्रामीणों में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किसान मुंसी पाल की लगभग 10 कट्ठा तैयार खड़ी गेहूं की फसल को चंद मिनटों में जलाकर राख कर दिया।
आग की लपटें इतनी तेज और भयावह थीं कि पास में स्थित महेश की रिहायसी झोपड़ी भी इसकी चपेट में आ गई। झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत रोजमर्रा का पूरा सामान आग में स्वाहा हो गया। पीड़ित परिवार रातों-रात खुले आसमान के नीचे आ गया, जिससे गांव में मातम जैसा माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रामेश्वर पाल ने तत्काल एकौना थाना अध्यक्ष अजय पांडेय और फायर ब्रिगेड को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम और पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद करीब सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया, तब तक सब कुछ राख में तब्दील हो चुका था।
इस दौरान आग बुझाने में पड़ोसी गांव पचरुखा के बृजेश सिंह ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के भाजपा नेता डीके यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह आग पूरे गांव को अपनी चपेट में ले सकती थी।
🟡 HS LIVE NEWS | हर खबर पर पैनी नजर